
[ad_1]
मुजफ्फरपुर जिले के अहियापुर थाना के चंदन बखरी गांव में एक युवक की संदिग्ध परिस्थिति में मौत हो गयी। उसका शव घर के एक कमरे में जमीन पर पड़ा हुआ मिला। घटना की जानकारी मिलते ही इलाके में सनसनी फैल गई। काफी संख्या में लोगों की भीड़ जमा हो गयी। मृतक की पहचान उपेंद्र मांझी (30) के रूप में हुई है।
वह अपने ननिहाल में रहता था। चेन्नई में रहकर मजदूरी करता था। सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची। शव की तलाशी ली गई, लेकिन मृतक की जेब से न तो मोबाइल मिला और न कोई आईडी कार्ड।
परिजन विनोद मांझी ने पुलिस को बताया कि उसके पास मोबाइल और आधार कार्ड समेत अन्य कागजात थे। वे सब गायब है। उन लोगों ने हत्या करने की आशंका जताई है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। सभी बिंदुओं पर जांच की जा रही है।
गले और शरीर पर जख्म के निशान
पुलिस छानबीन में मृतक के गले पर किसी रस्सी या तार से बांधने के निशान मिले हैं। इसके अलावा हाथ-पैर और शरीर पर भी जख्म और बांधने के निशान हैं। इससे प्रतीत हो रहा है कि किसी ने उसका हाथ-पैर बांधने के बाद गला दबाकर हत्या कर दी होगी।
मृतक ने नाना बाबाजी मांझी ने बताया कि दो दिन पूर्व ही वह चेन्नई से आया था। गुरुवार को फिर जाने वाला था। इसी दौरान किसी ने उसकी हत्या कर दी। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत का कारण स्पष्ट होगा।
[ad_2]