
[ad_1]
मुजफ्फरपुर जिले के कुढ़नी थाना क्षेत्र के रजला-फकुली में गुरुवार को भीषण अगलगी में 10 घर जलकर राख हो गए। सभी घर झोपड़ी के थे। दोपहर बाद अचानक से आग लग गयी। इससे अफरातफरी का माहौल बन गया। लोग अपने-अपने घरों से सामान और मवेशी को निकालकर सुरक्षित करने में लग गए।
आसपास के लोग पानी और मिट्टी फेंककर आग पर काबू पाने की कोशिश करने लगे। लेकिन, देखते-देखते आग की लपटें तेज होती चली गयी। इसने आसपास के 10 घरों को अपनी चपेट में ले लिया। हालांकि इस भीषण अगलगी में जान माल की क्षति तो नहीं हुई। लेकिन, करीब 10 लाख की संपत्ति का नुकसान बताया जा रहा है।
जिसमे रुपए, जेवरात, कपड़े, गैस सिलेंडर समेत अन्य सामान था। अगलगी में गणेश महतो, बिंदेश्वर महतो और पलटन महतो समेत अन्य के घर जलकर राख हो गए। इसमे पलटन महतो के पांच बेटों के घर भी शामिल है। पीड़ित परिवार का दुःखो का पहाड़ टूट पड़ा है। रात गुजारने के लिए अब कोई छत नहीं रहा।
शार्ट सर्किट से आग लगने की बात
स्थानीय लोगों का कहना है कि शार्ट सर्किट के कारण सबसे पहले पलटन महतो के घर मे आग लगी थी। उसी के घर से अन्य दूसरे घर भी इसकी चपेट में आ गए।
वहीं कुछ लोग खाना बनाने के दौरान भी आग लगने की बात बता रहे हैं। पुलिस द्वारा बयान दर्ज किए जाने के बाद ही स्थिति स्पष्ट होगी। फिलहाल इलाके की बिजली आपूर्ति ठप कर दी गयी है।
डेढ़ घन्टे देरी से पहुंची फायर ब्रिगेड की गाड़ी
स्थानीय लोगों ने बताया कि आग लगने के तुरंत बाद फायर ब्रिगेड को सूचना दी गयी थी। लेकिन, डेढ़ घन्टे की देरी से फायर ब्रिगेड की गाड़ी पहुंची। तबतक सबकुछ जलकर राख हो चुका था। इस कारण लोगों में आक्रोश भी था।
हालांकि फायर ब्रिगेड ने पहुंचने के साथ आग बुझाने की कवायद शुरू की। कुछ ही देर में इसपर काबू पा लिया गया। हालांकि तबतक सभी घर और संपत्ति जलकर राख हो चुका था। स्थानीय थाना की पुलिस मौके पर पहुंचकर छानबीन कर आगे की कार्रवाई कर रही है।
[ad_2]